बहन की शादी से पहले बड़े भाई की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम

*निमंत्रण कार्ड बांटकर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर*
*दो दिन पहले ही चंडीगढ़ से आया था घर*
*गोंडा*
गोंडा जिले के छपिया क्षेत्र में 20 फरवरी को होने वाली बहन की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर मंगलवार की रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बभनान-हरैया मार्ग पर बैरिहवा पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम पंचायत दुबौली भार्गवजोत निवासी रमेश उर्फ सुनील कुमार वर्मा (30) की मौके पर ही मौत हो गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। रमेश उर्फ सुनील चंडीगढ़ में एल्मुनियम का काम करता था। बहन प्रियंका की शादी में शामिल होने और तैयारियों में हाथ बंटाने के लिए वह दो दिन पहले ही घर लौटा था। मंगलवार को वह अपने ससुराल कुसवारी तथा बस्ती जिले के नगर बाजार क्षेत्र में रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण पत्र देकर बाइक से वापस लौट रहा था। मंगलवार की रात करीब 8:45 बजे बैरिहवा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पैकोलिया थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
शादी की तैयारियों के बीच पसरा सन्नाटा, मातम में बदली खुशी
घर में प्रियंका की शादी को लेकर उत्साह का माहौल था। रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे थे। लेकिन जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। जिस भाई ने बहन की शादी की जिम्मेदारी संभाली थी, उसी की अर्थी उठाने की नौबत आ गई।
मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई अनिल वर्मा है। पिता शिवकुमार, माता चंद्रावती, पत्नी सोनम तथा बहनें माया देवी, प्रियंका और सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
रमेश उर्फ सुनील अपने पीछे नौ वर्षीय बेटी काव्य और छोटी बेटी अंशु को छोड़ गया है। दोनों बेटियां पिता के लौटने का इंतजार कर रही थीं, लेकिन घर पहुंची तो हादसे की खबर। गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाले वाहन को शीघ्र चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की है।



