रेलवे ने शुरू की यह सुविधा, काशी से ओडिशा तक के मंदिरों में दर्शन करना होगा आसान

दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन से 9 मार्च को शुरू होगी और वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम (देवघर) होते हुए 18 मार्च को दिल्ली लौटेगी.
नई दिल्ली:
अगर आप पूर्वी भारत के मंदिरों का दर्शन करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छा मौका है. भारतीय रेलवे एक शानदार पैकेज लेकर आई है जिसके जरिये आप आरामदायक और सुविधाजनक तरीके से वाराणसी से लेकर गंगासागर और देवघर तक दर्शन कर सकते हैं. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC), ने ‘डिवाइन ईस्ट टेम्पल टूर’ नाम का नया पर्यटन सर्किट शुरू किया है. 10 दिवसीय यह यात्रा भक्तों और पर्यटकों को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के दर्शन का अनूठा अवसर देगी.
इन जगहों की यात्रा का मिलेगा मौका
यह यात्रा दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन से 9 मार्च को शुरू होगी और वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम (देवघर) होते हुए 18 मार्च को दिल्ली लौटेगी. इस दौरान यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन एवं गंगा आरती, कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल सहित शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थल, कालीघाट (शक्ति पीठ) और दक्षिणेश्वर काली मंदिर, गंगासागर में सागर संगम पर पवित्र स्नान एवं कपिल मुनि मंदिर में दर्शन, पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन, ओडिशा सर्किट में भुवनेश्वर, धौली शांति स्तूप, उदयगिरि–खंडगिरि गुफाएं, कोणार्क सूर्य मंदिर और अन्य प्रमुख स्थल और बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे.



