Uttarakhand: अपने गांव में सुबह भ्रमण पर निकले सीएम योगी आदित्यानाथ, स्कूल पहुंचने पर बच्चों ने किया स्वागत

अपने गांव पंचूर पहुंचे योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव भ्रमण पर निकले। सीएम योगी के गांव भ्रमण की खबर सुनकर ग्रामीण और बच्चे उत्साह के साथ अपने घरों से निकलकर बाहर पंक्तिबद्ध खड़े हो गए।
इस दौरान घरों के बाहर खड़े बच्चों और ग्रामीणों से योगी आदित्यनाथ ने कुशलक्षेम पूछी। बच्चों और युवाओं ने योगी आदित्यनाथ के पैर छुए जबकि उम्र में वरिष्ठ लोगों को योगी ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। सीएम योगी बच्चों से खूब बातें करते नजर आए।
इस दौरान पैंया गांव से अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचे प्रिशा बेलवाल,शिवन्या बेलवाल,शौर्य बेलवाल,भाविक बेलवाल, आरित बेलवाल,आकर्ष बेलवाल ने बताया कि उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को पहली बार देखा है।
योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगे बढ़कर बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान बच्चे उत्साहित और खुश नजर आए। बच्चों के साथ बर्ताव देखकर अभिभावक विनोद बेलवाल,अनिल बेलवाल,सुशील बेलवाल,सुनील,शशि,धीरज,नीरज ने कहा कि इतनी नजदीक से योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे उन्हें यकीन नहीं था। उन्होंने सीएम योगी के साथ फोटो खिंचवाई।



