गोंडा

होमवर्क न करने की मिली हैवानियत भरी सज़ा

*कर्नलगंज में कक्षा 2 के मासूम छात्र को शिक्षक ने गिनकर मारे 105 डंडे, शरीर पर गहरे जख्म*

*गोंडा*

गोंडा जिले के कर्नलगंज शिक्षा क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद शर्मनाक और निंदनीय मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा दो के 09 वर्षीय मासूम छात्र को केवल गृहकार्य पूरा न करने पर उसके ही शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को गिनकर 105 डंडे मारे, जिससे उसके दोनों पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए।

यह हृदयविदारक घटना कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के गुमदहा स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र अभिषेक गोस्वामी, निवासी चतरुपुर नकार, उसी विद्यालय में कक्षा दो का छात्र है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को अभिषेक रोज़ की तरह स्कूल गया था। स्कूल में गृहकार्य पूरा न होने पर शिक्षक प्रखर सिंह ने कथित तौर पर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शिक्षक की इस अमानवीय हरकत से मासूम के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

विद्यालय से घर लौटने पर जब परिजनों ने बच्चे की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। बच्चे के पैरों में सूजन थी और शरीर पर डंडों के गहरे निशान साफ नजर आ रहे थे। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए ले गए। घटना से आहत पिता राजप्रसाद गोस्वामी ने कर्नलगंज कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक प्रखर सिंह को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से बाहर कर दिया है। स्कूल प्रबंधन ने इस कृत्य को नियमों और मानवीय मूल्यों के खिलाफ बताया है। यह घटना न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और मानसिक-शारीरिक अधिकारों को लेकर भी गहरी चिंता पैदा करती है। नन्हे बच्चों को शिक्षा के नाम पर दी जा रही ऐसी क्रूर सज़ा समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।

अब देखना होगा कि कानून इस मासूम को कितना न्याय दिला पाता है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लग पाएगी।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/News Portal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button