शुंभाशु शुक्ला को अशोक चक्र, इस साल 70 सैन्यकर्मियों को वीरता पुरस्कार देने की घोषणा, देखें पूरी LIST

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद अशोक चक्र, कीर्ति चक्र समेत अन्य गैलेंट्री अवॉर्ड की घोषणा की गई. अंतरिक्ष में भारतीय मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर लौटे शुंभाशु शुक्ला को अशोक चक्र दिया जा रहा है.
Armed Forces Gallantry Awards 2026: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को वीरता पुरस्कार की घोषणा हुई. इसमें इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) जाने वाले भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुंभाशु शुक्ला को अशोक चक्र देने की घोषणा की गई है. दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के 70 कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है, जिनमें छह मरणोपरांत पुरस्कार शामिल हैं. इनमें एक अशोक चक्र, 3 कीर्ति चक्र, एक मरणोपरांत सहित 13 शौर्य चक्र, एक बार टू सेना मेडल (वीरता), 5 मरणोपरांत सहित 44 सेना मेडल (वीरता), छह नौ सेना मेडल (वीरता) और दो वायु सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं.
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को मिलने वाला ‘अशोक चक्र’ देश का सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है. शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा की थी. इसके लिए उन्होंने बीते साल 2025 में उड़ान भरी थी. विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला दूसरे अंतरिक्ष यात्री हैं, जो स्पेस में गए थे. यह सम्मान मिशन के दौरान दिखाए गए असाधारण साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें यह सम्मान मिला है.



