खेल के क्षेत्र में बिहार ने 2025 में लगाई अभूतपूर्व छलांग, नए वर्ष में होगा एतिहासिक विस्ता

बिहार सरकार के खेल विभाग के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों, भव्य आयोजनों और नीतिगत पहलों से परिपूर्ण एक ऐतिहासिक वर्ष सिद्ध हुआ है। इस वर्ष राज्य ने न केवल राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमुख खेल आयोजनों की सफल मेजबानी की, बल्कि खेल अवसंरचना, खेल प्रशासन और प्रतिभा विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की। साथ ही, वर्ष 2025 के दौरान विभाग को नए नेतृत्व का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ, जहाँ महेन्द्र कुमार ने खेल विभाग के सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया तथा आरिफ अहसन ने निदेशक, खेल के रूप में कार्यभार संभाला। इन्हीं उपलब्धियों और सशक्त नेतृत्व की मजबूत नींव पर खेल विभाग नववर्ष 2026 में नई ऊर्जा और दूरदर्शी योजनाओं के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।
वर्ष 2025 के दौरान बिहार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स, हीरो एशिया कप (मेन्स हॉकी), एशियाई रग्बी सेवेंस अंडर 20, तथा ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर यह प्रमाणित किया कि राज्य बड़े खेल आयोजनों के लिए पूरी तरह सक्षम है। इसी वर्ष राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुभारंभ और MNREGA के अंतर्गत संचालित योजनाओं के माध्यम से 257 प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियमों के निर्माण पूर्ण होने से बिहार की खेल अवसंरचना को नया आयाम प्राप्त हुआ। राजगीर, पटना तथा अन्य केंद्रों में विकसित आधुनिक खेल सुविधाओं के चलते बिहार एक उभरते खेल गंतव्य के रूप में स्थापित हुआ है।



