मौर्यनगर चौराहे पर सड़क हादसे में अधेड़ की मौत, मचा कोहराम

*गोंडा*
गोंडा जिले अंतर्गत करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कर्नलगंज कस्बे में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मौर्य नगर चौराहे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे रहमत अली (55) पुत्र ईदू को अपनी चपेट में ले लिया। रहमत अली, जो सकरौरा पूर्वी के निवासी थे, सुबह-सुबह सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के तुरंत बाद रहमत अली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना की खबर फैलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है।



