छपिया के खालेगांव ग्यारह दिवसीय रुद्रमहायज्ञ एवं श्री राम कथा का आयोजन

*गोंडा*
भगवान श्रीराम की कथा ही जीवन की व्यथा को मिटा सकती है। रामनाम का जाप ही धर्म, अर्थ, काम मोक्ष को प्रदान कर सकती है। यह बात खालेगांव में चल रही ग्यारह दिवसीय रुद्र महायज्ञ एवं श्रीराम कथा में प्रवाचक भुवनेश शास्त्री ने कहा। उन्होंने कहा की श्री राम का नाम मंत्रों में महामंत्र है। रामनाम की शक्ति अनंत है। कथा पंडाल में उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए प्रवाचक भुवनेश शास्त्री ने कहा की कैलाश पर्वत पर वटवृक्ष के नीचे बैठे भोलेनाथ से माता पार्वती श्रीराम की कथा सुनने की इच्छा प्रकट करती हैं। माता पार्वती भगवान भोलेनाथ से कहती हैं की सभी लोगों का कल्याण करने वाली, पाप, ताप, संताप को समूल रूप से नष्ट करने वाली, मनोहारी भगवान श्री राम के चरित्र की कथा सुनाने की कृपा करें। भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होकर श्री राम के चरित्र की कथा सुनाते हैं। भगवान भोलेनाथ कहते हैं की जब जब इस पृथ्वी पर आसुरी प्रवृत्तियों का अत्याचार बढ़ता है। भक्त, संत, ब्राह्मण, गऊ, धर्म और गंगा पर संकट आता है। तो परमात्मा को अनेकानेक रूप धारण करके भक्तों का कल्याण तथा निशाचारों के विनाश के लिए पृथ्वी पर अवतरित होना पड़ता है। संगीतमयी कथा से कथा पंडाल में उपस्थित श्रोता भगवान की भक्ति में झूम उठे। कथा प्रारंभ होने से पूर्व यज्ञ मंडप में यजमान हीरालाल, मोनू, वैभव, वैश्वनी ने आचार्य गणेश पांडेय, सुशील शास्त्री, वीरेंद्र शास्त्री, विशाल पांडेय, हरिओम शास्त्री के साथ पूजन किया। भारी संख्या में भक्तों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। इस अवसर पर विकास श्रीवास्तव, सोमनाथ, श्रीराम गुप्ता, अनंतीलाल गुप्ता, रामादेवी, सुमन, संजय, प्रहलाद मोदनवाल सहित भारी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहे।