₹1 लाख का कर्ज पर चुकाए 74 लाख, साहूकार ने बिकवा दी किसान किडनी, फिर भी नहीं खत्म हुआ लोन

महाराष्ट्र में कर्ज से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. महाराष्ट्र के चंद्रपुर में कर्ज का पैसा चुकाने के लिए साहूकार ने कर्जदार की किडनी बिकवा डाली. चंद्रपुर जिले के एक किसान को साहूकार का एक लाख का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचनी पड़ी. साहूकार ने 1 लाख रुपए के कर्ज को 74 लाख बना दिया था. यह मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है. फिलहाल, साहूकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. यह घटना चंद्रपुर जिले के नागभीड़ तहसील के मिंथुर गांव की है.
दरअसल, किसान का नाम रोशन सदाशिव कुडे है. उसने चार साहूकारों से मिलाकर एक लाख रुपए का लोन लिया था. उसने कर्ज के कुछ पैसे लौटा दिए, तब भी उसे परेशान किया जा रहा था. किसान ने दूध का बिजनेस करने के लिए 1 लाख कर्ज लिया था . उन पैसों से 15 से 20 गायें खरीदी थीं, लेकिन लंपी बीमारी के चलते कुछ गाय मर गई और उसे नुक़सान हुआ. किसान ने पुलिस को बताया कि साल 2021 में चार स्थानीय साहूकारों से 40 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख रुपये का ऋण लिया था.
कैसे एक लाख का कर्ज, चुकाया 74 लाख
किसान ने 2021 में एक साहूकार से 1 लाख का कर्ज लिया, वह भी 40% के ब्याज पर. जब किसान कर्ज नहीं चुका पाया तो उसने पहले कर्जदार को देने के लिए दूसरे साहूकार से दूसरा कर्ज लिया. ऐसे उसने 6 साहूकारों से कर्ज लिया दूसरे का कर्ज चुकाने के लिए. हर दिन 5 से 6 हजार की पेनल्टी देनी होती थी उसे. इस तरह करते-करते किसान ने अब 50 लाख से ज्यादा पैसे साहूकारों को दे भी दिए. किसान का दावा है कि वह अब तक 74 लाख रुपए दे चुका है. इसके लिए किसान ने अपनी चार एकड़ जमीन बेची, अपना ट्रैक्टर बेचा, अपना घर बेचा.
किडनी बेचने का आइडिया कहां से आया?
साहूकारों का कर्ज चुकाने के लिए उसने विदेश तक जाना पड़ा. किसान रोशन शिवदास कुले कंबोडिया गया. वहां उसने अपनी किडनी 8 लाख रुपए में बेची. वहां से आने के बाद वो 8 लाख रुपए भी साहूकारों ने ले लिए. एक साहूकार ने ही उसे किडनी बेचने का आइडिया दिया था. इतना ही नहीं, 1 लाख का कर्ज चुकाने के लिए पीड़ित किसान ने 2 व्हीलर, ट्रैक्टर और साढ़े तीन एकड़ खेत भी बेच डाला फिर भी साहूकार परेशान करते रहे. बहरहाल, चंद्रपुर के ब्रह्मपुरी पुलिस स्टेशन में 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है. मामले की जांच जारी है.
चार आरोपी अरेस्ट
वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई की मानें तो इस आरोप के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारी ने बताया कि जबरन वसूली के आरोप में और महाराष्ट्र साहूकारी (विनियमन) अधिनियम के तहत ब्रह्मपुरी थाने में चारों साहूकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. नागभिड़ तहसील के मिंथुर गांव निवासी किसान रोशन सदाशिव कुडे ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 2021 में चार स्थानीय साहूकारों से 40 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख रुपये का ऋण लिया था. किसान के दावे के अनुसार, साहूकारों में से एक ने उन्हें किडनी बेचने का सुझाव दिया और एक एजेंट उन्हें कोलकाता ले गया जहां चिकित्सा जांच कराने के बाद कंबोडिया में सर्जरी हुई और उनकी किडनी निकाल ली गई



