अंतरराष्ट्रीय
हांगझो से सियोल जा रही एयर चाइना की फ्लाइट में लिथियम बैटरी में आग, शंघाई में आपातकालीन लैंडिंग

चीन के हांगझो से दक्षिण कोरिया के सियोल के लिए उड़ान भर रही एयर चाइना की फ्लाइट CA139 के केबिन में शनिवार को लिथियम बैटरी में आग लग गई। यह घटना उड़ान के लगभग 40 मिनट बाद हुई, जब एक यात्री के कैरी-ऑन बैग में रखी लिथियम बैटरी फट कर आग पकड़ गई। केबिन क्रू ने तत्परता से आग पर काबू पाया, जिसके बाद विमान को सुरक्षा के लिए शंघाई पुडोंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
विमान में सवार सभी 160 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। सोशल मीडिया पर आग लगने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें केबिन में लगी आग और यात्रियों की घबराहट देखी जा सकती है। इस घटना ने चीन और अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा में लिथियम बैटरियों संबंधी खतरों पर नया ध्यान आकर्षित किया है।



