हांगकांग में सात हाईराइज बिल्डिंगों में भीषण आग, 36 की मौत और सैकड़ों लोग फंसे

हांगकांग में बुधवार को एक बड़े हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह आग ताई पो जिले में लगी, जहां सात हाईराइज बहुमंजिला इमारतों में आग फैल गई। स्थानीय फायर सर्विस ने इसे “लेवल-5 अलार्म फायर” घोषित किया, जो हांगकांग में सबसे गंभीर आग की श्रेणी है। आग दोपहर लगभग 2:51 बजे लगी और कुछ ही समय में ये कई मंजिलों तक फैल गई।
फायर ब्रिगेड की 700 से अधिक टीम और रेस्क्यू कर्मी आग बुझाने और फंसे हुए लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने करीब 900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है और कई लोग अभी भी इमारतों के अंदर फंसे होने की आशंका है। आग लगने का मुख्य कारण उच्च मंजिलों पर बने बांस के मचान को माना जा रहा है, जो मरम्मत कार्य के दौरान इस्तेमाल हो रहे थे और तेजी से आग फैलाने का कारण बने।
इस हादसे में एक 37 वर्षीय फायरफाइटर की भी मौत हुई है, जिसे उसके सहकर्मियों ने बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताया है। इस आग ने हांगकांग के ताई पो इलाके को आतंकित कर दिया है, जबकि मुआवजे और राहत कार्यों का सिलसिला जारी है। जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



