राष्ट्र प्रेरणा स्थल: 120 इंच की स्क्रीन पर अटल की आवाज में सुनेंगे उनकी कविताएं, डिजिटल म्यूजियम तैयार

यूपी की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का म्यूजियम देश के अत्याधुनिक डिजिटल म्यूजियम के रूप में उभरकर सामने आया है। एलडीए की बसंत कुंज योजना में निर्मित यह म्यूजियम न सिर्फ तकनीक के लिहाज से खास है, बल्कि इसमें भारत की राजनीतिक, सांस्कृतिक और वैचारिक यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां 120 इंच की विशाल एलईडी स्क्रीन पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताएं और भाषण उनकी ही आवाज में सुने जा सकेंगे।
इस म्यूजियम को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में विकसित किया गया है। टच स्क्रीन से आगंतुक देश के महापुरुषों की जीवन गाथा, उनके संघर्ष, भाषण, योगदान और देश-दुनिया में किए गए कार्यों की जानकारी हासिल कर सकेंगे। म्यूजियम में तीन प्रमुख महापुरुषों के साथ जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के विस्तार तक की गौरव गाथा को डिजिटल माध्यम से दर्शाया गया है। बड़ी-बड़ी स्क्रीन, डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम और 360 डिग्री विजुअल तकनीक इसे देश के एडवांस म्यूजियम की श्रेणी में खड़ा करती है।



