खेल

वैभव सूर्यवंशी दुनिया का बेस्ट बल्लेबाज, ऐसा ख‍िलाड़ी नहीं देखा…’, शुभमन ग‍िल भी बन गए बेबी बॉस के फैन!

वैभव सूर्यवंशी दुनिया का बेस्ट बल्लेबाज, ऐसा ख‍िलाड़ी नहीं देखा…’, शुभमन ग‍िल भी बन गए बेबी बॉस के फैन

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रन बनाकर सभी का दिल जीत लिया. गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें मौजूदा समय का दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया. वैभव ने इस दौरान सबसे तेज 1000 IPL रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में भले ही गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया, लेकिन मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी की हुई, वह थे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने 47 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेलकर गुजरात के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली और क्रिकेट जगत को एक बार फिर अपना दीवाना बना दिया.

दिलचस्प बात यह रही कि गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने खुद मैच जीतने वाला शतक लगाया, लेकिन इसके बावजूद वह बेबी बॉस वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी से इतने प्रभावित हुए कि उन्हें मौजूदा समय का दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तक बता दिया.

फाइनल मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने वैभव की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा- उसके लिए यह एक शानदार सीजन रहा है. मैंने किसी बल्लेबाज को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा. इस समय वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है. सिर्फ उसकी हिटिंग ही नहीं, बल्कि उसकी बल्लेबाजी की तकनीक और हाथों की स्पीड भी कमाल की है. वह किसी भी टीम के खिलाफ बिना किसी डर के खेलता है.

गिल ने आगे कहा कि वैभव की सबसे बड़ी ताकत उसका मानसिक दृष्टिकोण है. उन्होंने बताया कि तेज शुरुआत के बाद भी जब मैच की स्थिति बदली, तब युवा बल्लेबाज ने खुद को संभाला और लगातार गुजरात टाइटन्स पर दबाव बनाए रखा. गिल के मुताबिक- जिस तरह उसने मैच में वापसी की और हमें लगातार दबाव में रखा, उससे उसके मजबूत मानसिक पक्ष का पता चलता है. आने वाले वर्षों में उसके खिलाफ खेलने वाली टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा.

जब वैभव के हेलमेट पर लगी गेंद
वैभव की इस पारी में एक ऐसा पल भी आया जिसने उनकी हिम्मत और परिपक्वता को दिखाया. गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की एक तेज और उछाल भरी बाउंसर सीधे उनके हेलमेट पर लगी. नियमों के तहत उन्हें मेडिकल जांच से गुजरना पड़ा, लेकिन युवा बल्लेबाज बिल्कुल भी नहीं घबराए. जांच के बाद उन्होंने मैदान पर वापसी की और पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ विपक्षी गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.

इस शानदार पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज कराया. वह गेंदों के हिसाब से IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. वहीं पारियों के हिसाब से वह सिर्फ 23वीं पारी में इस मुकाम तक पहुंचे, जो IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज आंकड़ा है. उनसे आगे केवल शॉन मार्श हैं, जिन्होंने 21 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे.

हालांकि राजस्थान रॉयल्स की टीम फाइनल में जगह नहीं बना सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की 96 रन की यादगार पारी और उस पर शुभमन गिल की प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सितारा मिल चुका है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button