‘मैं जा रहा हूं…’, सिडनी एयरपोर्ट पर पहुंचते ही रोहित शर्मा ने डाला पोस्ट, पढ़कर आप भी हो जाएंगे भावुक

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे सीरीज खत्म होने के बाद वापस स्वदेश लौट रहे हैं. ऐसा करने से पहले हिटमेन ने सिडनी एयरपोर्ट से एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर डाला. इस पोस्ट में रोहित शर्मा खुद नजर आ रहे हैं. वो एयरपोर्ट में प्रवेश करते दिख रहे हैं. पोस्ट के साथ कैप्शन में हिटमैन ने लिखा, ‘एक आखिरी बार, सिडनी से विदा लेते हुए.’ इस पोस्ट को लिखते वक्त जितने भावुक रोहित शर्मा हैं, उससे कहीं ज्यादा भावुक हिटमैन के फैन्स भी नजर आ रहे हैं. बड़ी संख्या में फैन्स इसपर कमेंट भी कर रहे हैं.
भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे. वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे. आखिरी मुकाबले में वो प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. सिडनी वनडे खत्म होने के बाद विराट और रोहित ने रवि शास्त्री को इंटरव्यू देते हुए कहा था कि पता नहीं दोबारा करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया आना हो या नहीं. अब सिडनी से निकलते वक्त भी रोहित ने अपनी इसी बात को दोहराया.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज के आखिरी मैच में रोहित शर्मा ने शतक जड़ टीम इंडिया को जीत दिलाई. ओपनिंग करने आए हिटमैन अंत तक डटे रहे और भारत की जीत पक्की करने के बाद ही वापस लौटे. इस मैच में हिटमैन के साथ एक ब्रेन-फेड मूमेंट भी देखने को मिला. दरअसल, रोहित मैच जीतने के बाद अपनी और विरोधी दोनों टीम के प्लेयर्स के साथ हाथ मिला रहे थे. इस दौरान वो अपना हेलमेट उतारना ही भूल गए.
रोहित शर्मा लगभग सभी प्लेयर्स के साथ मैच के बाद हैंडशेक कर चुके थे. अंत में केएल राहुल की नजर पड़ी की हिटमैन ने अबतब अपना हेलमेट नहीं उतारा है. इसके बाद रोहित ने हेलमेट उतारा टीम इंडिया की ब्लू कैप पहनी. इस वक्त सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो काफी ज्यादा वायरल हो रहा है.



