मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल में टैंट कारोबारी की पत्नी रजनी गुप्ता की वज़न कम करने की सर्जरी से मौत

वजन कम कराने के लिए कराए ऑपरेशन के बाद टैंट कारोबारी ब्रजमोहन गुप्ता की पत्नी रजनी गुप्ता (56) की न्यूटिमा अस्पताल में मौत हो गई। शाम पांच बजे महिला की मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने गलत ऑपेरशन किया।
डॉक्टर की लापरवाही से मौत हुई है। मृतका के पति की ओर से मेडिकल थाने में डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी गई है।सदर बाजार 216 कैंट निवासी ब्रजमोहन गुप्ता का टैंट का कारोबार है। उन्होंने मेडिकल थाने पर दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी रजनी गुप्ता का न्यूटिमा अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की देखरेख में वजन घटाने व पतला होने का उपचार चल रहा था।
डॉक्टर ने कहा था कि सर्जरी होने से वजन कम हो जाएगा और ऑपरेशन बिल्कुल सुरक्षित होगा।11 जुलाई को रजनी गुप्ता न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती हुईं। उसी दिन डॉक्टर ने उनका ऑपरेशन किया। इसके बाद से ही रजनी गुप्ता पेट में दर्ज की शिकायत करती रहीं।
लेकिन अस्पताल वालों और डॉक्टरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। दो दिन पहले 13 जुलाई को उनकी हालत गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर लिया। डॉक्टर ने बताया कि ऑपरेशन में आंत सही नहीं जुड़ सकी।जिस कारण रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ी है।
आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण रजनी गुप्ता के शरीर में सेप्टिक फैल गया।सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि तहरीर में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस तहरीर को जांच के लिए सीएमओ के यहां भेजा जाएगा। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।