
नई दिल्ली. आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर’ इन दिनों सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. कई शहरों में थिएटर्स हाउसफुल चल रहे हैं. स्पाई थ्रिलर फिल्म की कहानी ही नहीं, बल्कि कास्टिंग और उनकी परफॉर्मेंस की भी खूब तारीफ हो रही है. इसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन, गौरव गेरा और आर माधवन जैसे सितारे अहम किरदारों में नजर आते हैं. हाल ही मुकेश छाबड़ा ने खुलासा किया कि ‘धुरंधर’ के लिए कास्टिंग डेढ़ साल तक चली है. रहमान डकैत के रोल के लिए उनके पास 50-60 एक्टर्स की लिस्ट थी
न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में मुकेश छाबड़ा ने कहा, ‘मैं हमेशा सोचता हूं कि लोगों को कैसे चौंकाया जाए और कास्टिंग को और अधिक दिलचस्प, मजेदार और नया कैसे बनाया जाए. इस फिल्म के साथ भी मैं यही करना चाहता था. लोग इस फिल्म में ट्विस्ट्स की उम्मीद कर रहे थे, इसलिए मैं कास्टिंग के साथ चीजों को ट्विस्ट करना चाहता था. हर किसी को यही महसूस होना चाहिए कि यह सब सोच-समझकर किया गया है और हमने किसी को सामान्य तौर पर कास्ट नहीं किया.’
धुरंधर’ की कास्टिंग में लगा कितना वक्त?
कास्टिंग डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने और आदित्य धर ने लगभग डेढ़ साल का समय कास्ट फाइनल करने में लगाया. मुकेश छाबड़ा ने कहा कि रणवीर सिंह पहले से ही प्रोजेक्ट से जुड़े हुए थे और आर. माधवन वह पहले एक्टर थे, जिन्हें उन्होंने अप्रोच किया था और उन्होंने फिल्म के लिए अपनी हामी भर दी थी.
रहमान डकैत के रोल के लिए 60 एक्टर्स की लिस्ट
मुकेश चोपड़ा ने खुलासा किया कि रहमान डकैत के रोल के लिए उनके पास 50 से 60 एक्टर्स की लिस्ट थी, जिनमें साउथ सिनेमा के एक्टर्स के नाम भी शामिल थे, लेकिन उन्होंने अक्षय खन्ना को कास्ट किया. उन्होंने कहा, ‘हमने डोंगा और आलम के रोल के लिए बहुत ऑडिशन लिए और इसलिए यह प्रक्रिया 1 से 1.5 साल तक चलती रही, क्योंकि आपको देखना होता है कि परफॉर्मेंस कैसी रहेगी और यह लोगों को कैसे चौंका सकता है.’
1300 लड़कियों में चुनी गईं सारा अर्जुन
मुकेश ने यह बताया कि उन्होंने आलम के रोल के लिए सुनील ग्रोवर को लेने पर भी विचार किया था, लेकिन उन्होंने बाद में गौरव गेरा को कास्ट किया. ‘धुरंधर’ में फीमेल लीड रोल सारा अर्जुन ने निभाया है, जो यालिना जमाली के किरदार में नजर आती हैं और बाद में उनका रणवीर के किरदार हमजा के साथ रोमांटिक रिलेशन दिखाया गया है. मुकेश छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने इस रोल के लिए 1300 लड़कियों का ऑडिशन लिया था, लेकिन आखिर में सारा अर्जुन को ही चुना.
अगले साल आएगा धुरंधर फिल्म का पार्ट 2
बताते चलें कि ‘धुरंधर’ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. 19 मार्च, 2026 को ‘धुरंधर: पार्ट 2- रिवेंज’ नाम से सीक्वल रिलीज होगा. यह फिल्म जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है. इसका निर्माण आदित्य धर के साथ ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है. इसकी कहानी आदित्य धर ने लिखा है और डायरेक्शन भी किया है.



