मुंबई हमले के बाद कांग्रेस ने किसके कहने पर घुटने टेके? बताना तो पड़ेगा… चिदंबरम की बात का जिक्र कर पीएम मोदी का बड़ा हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है. मुंबई को ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सौगात देने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के वक्त जब पूरा देश दर्द में था, तब कांग्रेस ने आतंकियों के सामने घुटने टेक दिए थे. कांग्रेस के एक नेता ने अभी खुलासा किया है कि जब मुंबई हमला हुआ था तो सेना पकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थी, पूरा देश भी यही चाहता था, लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव में कांग्रेस सरकार ने देश की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया. कांग्रेस को बताना होगा कि वह कौन था जिसने विदेशी दबाव में फैसला लिया और मुंबई और देश की भावना से खिलवाड़ किया. ऐसी कौन सी विदेशी ताकत के कहने पर हमला करने से रोका, इसका जवाब देना पड़ेगा.
कांग्रेस नेता और यूपीए सरकार में गृह मंत्री रहे पी. चिदंबरम ने हाल ही में एक इंटरव्यू में माना था कि 2008 मुंबई हमले के समय सेना पाकिस्तान पर एक्शन लेने को तैयार थी, लेकिन तत्कालीन यूपीए सरकार ने उस योजना को रोक दिया था. उन्होंने ये भी कहा था कि अमेरिका की ओर से भी हम पर भारी दबाव था. पीएम मोदी ने इसी बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह स्वीकारोक्ति साबित करती है कि यूपीए सरकार के वक्त राजनीति राष्ट्रहित से ऊपर थी. उन्होंने कहा कि अगर उस वक्त मजबूत और निर्णायक नेतृत्व होता, तो आतंकियों को उसी भाषा में जवाब मिलता. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है. आज का भारत घर में घुसकर मारता है। ऑपरेशन सिंदूर में पूरी दुनिया ने भारत की ताकत देखी है.
मैंने कहा था हवाई चप्पल वाला भी करेगा हवाई सफर…
मुंबई में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना गति और प्रगति के साथ लोक कल्याण को सर्वोपरि रखकर साकार हो रहा है. उन्होंने कहा, मैंने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर पाएगा. इसके लिए हमने उड़ान योजना शुरू की, जिसने आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया. प्रधानमंत्री ने बताया कि इस एयरपोर्ट से न केवल मुंबई बल्कि पूरे महाराष्ट्र को वैश्विक कनेक्टिविटी मिलेगी. यहां से किसान अपने उत्पादों को मिडिल ईस्ट और यूरोप के बाजारों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और कम लागत में अधिक लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा डोमेस्टिक उड़ान हब बन चुका है. सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के जीवन को आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह एयरपोर्ट विकास, समृद्धि और कनेक्टिविटी का प्रतीक है.


