महाराष्ट्र
मुंबई के क्रॉफर्ड मार्केट में बाटा के शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, कोई हताहत नहीं

मुंबई के व्यस्त क्रॉफर्ड मार्केट में रविवार देर रात बाटा के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार और ग्राहक डरकर बाहर भाग गए। दमकल विभाग की आठ गाड़ियां, छह जंबो टैंकर, और अन्य अग्निशमन उपकरण मौके पर पहुंचाए गए। आग को श्रेणी-1 से बढ़ाकर श्रेणी-2 कर दिया गया, क्योंकि धुआं आसपास की दुकानों तक फैल गया था।
दमकल विभाग ने लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपए के जूते और अन्य सामान जल गए। आग लगने के कारण फिलहाल पता नहीं चल पाए हैं और जांच जारी है। प्रशासन ने व्यापारियों से सावधानी बरतने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।



