मकर संक्रांति के बाद योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की तैयारी, भाजपा प्रदेश संगठन में भी बदलाव के संकेत।

मकर संक्रांति के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। योगी सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। संगठन और सरकार के बीच अदला-बदली का फार्मूला अपनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कोर कमेटी की अहम बैठक में इस विषय पर गहन मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल फेरबदल पर अमल किया जा सकता है, जिसके बाद संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के क्षेत्र प्रचारक पूर्वी अनिल और पश्चिमी महेंद्र कुमार मौजूद रहे। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी की पहली कोर कमेटी बैठक थी। इससे पहले उन्होंने महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ RSS कार्यालय भारती भवन पहुंचकर संघ पदाधिकारियों से संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।



