क्राइम

पांच सितारा होटल का शेफ निकला चोर, आरके पुरम में घर से लाखों की चोरी का खुलासा

पांच सितारा होटल का शेफ निकला चोर, आरके पुरम में घर से लाखों की चोरी का खुलासा

नई दिल्ली:
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में हुई चोरी की वारदात ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने इस मामले में एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि एक पांच सितारा होटल में नाइट शिफ्ट में काम करने वाला शेफ निकला। उसकी पहचान निलेश उर्फ निकेश के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से करीब 2.69 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, एक मास्टर चाबी और दो स्कूटर बरामद किए गए हैं। इनमें से एक स्कूटर चोरी का बताया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।

दरअसल, यह पूरा मामला तब सामने आया जब आरके पुरम सेक्टर-1 के एक निवासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वह अपने परिवार के साथ राजस्थान में एक शादी में गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और करीब 3.5 लाख रुपये की नकदी व आभूषण गायब थे। परिवार के लिए यह एक बड़ा झटका था।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक घर के गेट को खोलने की कोशिश करता नजर आया। कुछ देर की मशक्कत के बाद वह अंदर घुस गया और करीब आधे घंटे बाद चोरी का सामान लेकर स्कूटर से फरार हो गया। यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बना।

पुलिस ने आरोपी के भागने के रास्ते को ट्रैक करते हुए उसे द्वारका के एक पांच सितारा होटल के पास तक चिन्हित किया। इसके बाद तकनीकी निगरानी की मदद से उसकी पहचान की गई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह मास्टर चाबी की मदद से खास तरह के ताले खोलता था और चोरी के बाद दोबारा ताला बंद कर देता था, ताकि किसी को शक न हो। चोरी किए गए आभूषण उसने अपने कार्यस्थल पर खड़े एक स्कूटर में छिपा रखे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहले भी अंबेडकर बस्ती इलाके में चोरी की दो कोशिशें की थीं, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button