बिहार

पप्पू यादव को मिली जमानत लेकिन राहत नहीं, अभी रहना होगा जेल में, पढ़ें….

बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां 31 वर्ष पुराने मामले में गिरफ्तार पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को कोर्ट से जमानत मिल गई है। लेकिन खबर आ रही है कि जमानत मिलने के बाद भी सांसद पप्पू यादव अभी जेल में ही रहेंगे। दरअसल पुलिस ने दो अन्य मामलों में सांसद पप्पू यादव को रिमांड पर लेने की मांग कोर्ट से की थी जिसे मंजूरी दे दी गई गई। अब एक मामले में जमानत मिलने के बाद भी सांसद बाहर नहीं आ सकेंगे और उन्हें अभी जेल में ही रहना पड़ेगा। हालांकि उस मामले में भी बुधवार को सुनवाई होगी जिसके बाद कोर्ट ने अगर जमानत दी तो वे बाहर आ सकते हैं।

दरअसल 31 वर्ष पुराने मामले में पुलिस ने बीते शुक्रवार की देर रात राजधानी पटना के मंदिरी स्थित आवास से पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया। इस मामले में शनिवार को कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जिसके बाद जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी थी। इसी बीच सोमवार को सिविल कोर्ट परिसर में बम होने की सूचना पर सुनवाई टाल दी गई और अब इस मामले में सुनवाई मंगलवार को हुई। जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए पप्पू यादव करीब साढ़े बारह बजे कोर्ट परिसर पहुंच गये थे जिसके बाद करीब 2 बजे सुनवाई शुरू हुई। कोर्ट ने सांसद पप्पू यादव को 31 वर्ष पुराने मामले में जमानत दे दी।

कोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद सांसद को अभी जेल में ही रहना होगा। बताया जा रहा है कि कोतवाली में प्रोडक्शन और बुद्धा कॉलोनी मामले में पुलिस ने कोर्ट से उनकी रिमांड मांगी थी जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। सुनवाई के दौरान सांसद पप्पू यादव व्हीलचेयर पर बैठे दिखे। बता दें कि गिरफ्तारी के दिन सांसद पप्पू यादव ने अपने आप को बीमार बताया था जिसके बाद उन्हें PMCH में भर्ती कराया गया था और फिर बाद में बेउर जेल भेज दिया गया था। इस मामले में पप्पू यादव के वकील ने बताया कि जिस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था उस मामले में आज बेल मिल गई है और दूसरे मामले में भी कल सुनवाई है जिसके बाद वे बाहर आ जायेंगे।

बता दें कि पप्पू यादव के विरुद्ध गर्दनीबाग थाना में वर्ष 1995 में एक मामला दर्ज कराया गया था जिसमें आरोप था कि पप्पू यादव और उनके तीन अन्य सहयोगियों ने कमरा किराया पर लिया था और बाद में उसमें पप्पू यादव का कार्यालय चलाने लगे। इस मामले में कोर्ट ने पप्पू यादव के संपत्ति की कुर्की का भी आदेश जारी किया था जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पप्पू यादव और उनके समर्थकों ने नीट छात्रा मामला को उठाने को लेकर पुराने मामले में घेरने का आरोप लगाया है। पप्पू यादव और उनके समर्थकों ने कहा कि वे लगातार सरकार और पुलिस पर हमले कर रहे थे और सवाल उठा रहे थे इसलिए पुलिस ने साजिश के तहत पुराना मामला निकाल कर उन्हें जेल भेज दिया है

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/News Portal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button