बिहार

नो एंट्री में मौत की एंट्री! पहले बाइक सवार को कुचला, फिर DSP की गाड़ी से भिड़ा बेकाबू ट्रक

राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र में नो एंट्री के दौरान बालू लदे ट्रक की एंट्री एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। नो एंट्री में घुसे एक हाइवा ट्रक ने पहले बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक चालक भागने लगा और सामने से दानापुर DSP-2 की सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन DSP समेत उनके बॉडीगार्ड की जान बाल-बाल बच गई।

घटना बेटा फ्लाईओवर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा अपने कार्यालय आईआईटी पटना जा रहे थे। इसी दौरान नो एंट्री में आ रहे बालू लदे ट्रक ने पहले एक बाइक सवार को रौंद दिया और फिर तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए DSP की गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।स्थानीय निवासी रणवीर कुमार ने इस हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यातायात पुलिस की मिलीभगत से 300 से 500 रुपये लेकर ट्रकों को नो एंट्री के बावजूद प्रवेश कराया जा रहा है। इसी लापरवाही का नतीजा यह दर्दनाक हादसा है, जिसमें एक युवक की जान चली गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया गया। चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग नो एंट्री नियमों के सख्ती से पालन और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button