बकरीद पर कुर्बानी को लेकर विवाद, महाराष्ट्र सरकार अलर्ट पर

महाराष्ट्र :
बकरीद से पहले महाराष्ट्र में कुर्बानी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कई हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया है, जिसके चलते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कानून-व्यवस्था को लेकर अहम बैठक बुलाई है। बैठक में महाराष्ट्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी और राज्य में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने मुस्लिम समाज से अपील की है कि वे इस्लामी सिद्धांतों के साथ-साथ देश के कानून का भी पालन करें।
प्यारे खान ने कहा कि कुर्बानी करते समय इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि इससे किसी की धार्मिक भावना आहत न हो। उन्होंने कहा, “हजरत इब्राहिम अ.स. की कुर्बानी की भावना त्याग और समर्पण की है। हमें वहीं भावना अपनानी चाहिए। जहां कुर्बानी की अनुमति है, वहीं करें और जहां नहीं है, वहां से परहेज करें।” उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र में गौवंश पर प्रतिबंध है, इसलिए इसका पालन हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक कार्य कानून के दायरे में रहकर ही किए जाने चाहिए।
इस बीच देवनार बकरा मंडी को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और सपा विधायक अबू आजमी ने मंडी का दौरा कर वहां की समस्याओं पर सरकार से कार्रवाई की मांग की। आजमी ने कहा कि सुविधा की कमी महादेव हो या परवेज़, सभी को समान रूप से प्रभावित कर रही है। वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। पूरे मुद्दे पर सरकार, मुंबई महानगरपालिका और पुलिस से निष्पक्ष रवैया अपनाने की मांग की जा रही है।