दुबई से हांगकांग जा रहा कार्गो प्लेन रनवे से फिसलकर समुद्र में गिरा; दो की मौत

हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा हुआ। दुबई के अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला एमिरेट्स का बोइंग 747 कार्गो विमान (फ्लाइट नंबर EK9788), हांगकांग के उत्तरी रनवे 07R पर उतरते समय रनवे से फिसलकर समुद्र में गिर गया।
हादसे के दौरान विमान एक ग्राउंड सर्विस वाहन से टकरा गया था, जिससे वह असंतुलित होकर समुद्र में डूब गया। इस दुर्घटना में ग्राउंड पे काम कर रहे दो कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं विमान में सवार चार चालक दल के सदस्य सुरक्षित निकाले गए और अस्पताल में भर्ती हैं।
विमान की लैंडिंग सोमवार सुबह लगभग 3:50 बजे हुई। दुर्घटना के बाद प्रभावित रनवे को बंद कर दिया गया है, जबकि हवाई अड्डे के अन्य दो रनवे संचालन में हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, और हांगकांग के नागरिक उड्डयन विभाग ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यह विमान लगभग 32 वर्ष पुराना था और तुर्की की एयर कार्गो कंपनी एयरएसीटी द्वारा संचालित था। हादसे के वक्त इलाके में कुछ तेज हवाएँ और खराब मौसम था।यह हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इतिहास में एक गंभीर हादसा माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि विमान के ब्लैक बॉक्स को सुरक्षित कर लिया गया है और तकनीकी जांच की जाएगी।



