
दिल्ली के रोहिणी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोगी गैंग से जुड़ा युवक मारा गया, इलाके में दहशत
रोहिणी सेक्टर-17 में बाइक सवार बदमाशों ने युवक साहिल सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी.
नई दिल्ली:
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 में शनिवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान साहिल सोलंकी के रूप में हुई है, जो इसी इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जाता है कि युवक पर बाइक से आए दो हमलावरों ने गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस को सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने मृतक के दाहिने हाथ के पास से एक चाकू भी पाया है. एडिशनल डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि साहिल सोलंकी कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है. उसके खिलाफ हत्या सहित तीन मामलों की पुष्टि हुई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़ा हुआ बताया जाता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.



