उत्तराखंड: यहाँ दो सप्ताह में दूसरा भ्रूण सड़क पर मिलने से मची सनसनी

ऋषिकेश: ऋषिकेश की आवास विकास कॉलोनी में दो सप्ताह पहले पाए गए एक भ्रूण के मामले का खुलासा भी नहीं हुआ था कि शहर में देहरादून रोड पर दूसरा भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि देहरादून रोड स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक के पास सड़क पर भ्रूण पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची….भ्रूण को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और घरों व प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। फिलहाल भ्रूण से जुड़ी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि भ्रूण सड़क पर किसने फेंका।शहर में लगातार मिलने वाले भ्रूण को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे बिन ब्याही मां की करतूत मान रहे हैं….जबकि कुछ लोग इसे बेटी होने की सजा कह रहे हैं। हालांकि सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चलेगा।



