तहसील कर्नलगंज में अधिवक्ताओं की नारेबाजी से प्रशासनिक कार्य ठप, फरियादियों को लौटना पड़ा खाली हाथ

*गोंडा*
गोंडाजिले अंतर्गत कर्नलगंज तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्यामधर शुक्ल व उनके कुछ सहयोगियों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने पहुंचकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इससे तहसील परिसर में हंगामा मचा रहा। शोर-शराबे के कारण प्रशासनिक कार्य पूरी तरह बाधित हो गए। दूर-दराज के गांवों से अपनी समस्याओं का समाधान लेकर आए सैकड़ों फरियादियों को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। काफी देर तक चले इस प्रदर्शन से तहसील की सामान्य कार्यप्रणाली अस्त-व्यस्त हो गई। एसडीएम नेहा मिश्रा ने अधिवक्ताओं के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “कुछ अधिवक्ता जानबूझकर प्रशासनिक कार्यों में बाधा डाल रहे हैं और तहसील प्रशासन पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यदि कोई न्यायिक या प्रशासनिक प्रक्रिया में बाधा डालेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कोई ठोस शिकायत नहीं होने के बावजूद यह प्रदर्शन अनावश्यक है। प्रदर्शन से फरियादियों सहित तहसील कर्मचारी असमंजस में रहे।



