अपर जिला जज ने किया जेल निरीक्षण, सुनी बंदियों की समस्याएं

*गोंडा*
गोंडा जिले में अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने सोमवार को मंडलीय कारागार गोंडा का निरीक्षण किया। अपर जिला जज ने निरीक्षण के दौरान विचाराधीन और सिद्ध दोष बंदियों से बैरकों में जाकर व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने विचाराधीन बंदियों की रिहाई के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की समीक्षा की। उन्होंने जेल प्रशासन व डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्ताओं को सभी बैरकों में भ्रमण कर ऐसे सिद्ध दोष बंदी जिनकी अपील दाखिल नहीं है उनकी अपील दाखिल करने के लिए प्रभावी पैरवी करने का निर्देश दिया। अपर जिला जज ने महिला बैरक में महिला बंदियों से मुलाकात की। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों की पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने किचन व अस्पताल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में अपर जिला जज ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकार बताए व उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण के जेलर आफताब अंसारी, चीफ डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार सिंह, डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल अनिमेष चतुर्वेदी, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृजलाल तिवारी व प्रभात श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



