जेंडर श्रेणी में भारतीय सेना की मेजर स्वाति शांथा कुमार को UN सचिव-जनरल पुरस्कार 2025 दिया गया।

जनवरी 2026 में भारतीय सेना (Indian Army – IA) की अधिकारी मेजर स्वाति शांथा कुमार को जेंडर श्रेणी में वर्ष 2025 का संयुक्त राष्ट्र महासचिव पुरस्कार (UN Secretary-General’s Award) प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (United Nations Mission in South Sudan – UNMISS) के तहत उनकी उत्कृष्ट सेवा और परियोजना “इक्वल पार्टनर्स, लास्टिंग पीस” के लिए दिया गया। मेजर स्वाति कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से ताल्लुक रखती हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस द्वारा घोषित इस पुरस्कार में शांति अभियानों के दौरान लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में मेजर स्वाति के नेतृत्व और योगदान को सराहा गया। उन्होंने इंडियन एंगेजमेंट टीम की प्रभावी तैनाती के माध्यम से गश्त, सामुदायिक संवाद और संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में विश्वास निर्माण को मजबूत किया, जिससे महिलाओं की भागीदारी और सुरक्षा में सुधार हुआ।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव पुरस्कार प्रतिवर्ष उन यूएन कर्मियों और शांति सैनिकों को दिए जाते हैं, जिन्होंने नवाचार, नेतृत्व और संयुक्त राष्ट्र के मूल्यों के प्रति असाधारण प्रतिबद्धता दिखाई हो। वर्ष 2025 में ये पुरस्कार नवाचार, सहयोग, जेंडर, विविधता एवं समावेशन, बहुभाषिकता और नेतृत्व जैसी श्रेणियों में प्रदान किए गए।
मेजर स्वाति शांथा कुमार भारतीय सेना की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स कोर (Corps of Electronics and Mechanical Engineers – EME) से जुड़ी हैं। उनकी परियोजना “इक्वल पार्टनर्स, लास्टिंग पीस” का उद्देश्य संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में महिलाओं के साथ मजबूत जमीनी संपर्क स्थापित कर शांति प्रयासों को अधिक समावेशी और प्रभावी बनाना है।



