जुबिन दा को अंतिम विदाई देने उमड़े प्रशंसक, गोवाहाटी में ग़मगीन माहौल

प्रसिद्ध गायक और असम के सुपरस्टार जुबिन गर्ग का पार्थिव शरीर आज गोवाहाटी पहुँचा। जैसे ही एंबुलेंस शहर में दाखिल हुई हजारों की संख्या में मौजूद प्रशंसकों की आँखें नम हो गईं। हर कोई अपने चहेते कलाकार को अंतिम बार देखने के लिए उमड़ पड़ा।
गोवाहाटी एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को जुलूस के रूप में लाया गया। पूरे रास्ते लोग फूलों और आँसुओं से उन्हें श्रद्धांजलि देते नज़र आए। जुबिन दा अमर रहें और उनके लोकप्रिय गीतों की गूंज से माहौल भावुक हो उठा।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्था संभालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। पार्थिव शरीर को सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा गया है ताकि लोग उन्हें अंतिम विदाई दे सकें।
जुबिन गर्ग के निधन से असम और पूरे संगीत जगत में शोक की लहर है। उनके प्रशंसकों का कहना है कि उन्होंने अपनी गायकी से हर दिल में अमिट छाप छोड़ी और वे हमेशा याद किए जाएंगे।



