जल निकासी नगर निगम की प्राथमिकता : महापौर

*जनसुनवाई के दौरान आईं 19 शिकायतों का किया गया समाधान*
अयोध्या। जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव कार्यक्रम में कुल 19 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसका समाधान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कराया। जनसुनवाई की अध्यक्षता कर रहे महापौर ने कहा कि इस समय जल भराव की समस्या का निदान करना नगर निगम की प्राथमिकता में है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का समाधान गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता से करें। त्वरित समाधान से ही नगर निगम टीम की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
महापौर नगर निगम कार्यालय में लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने जलभराव की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया और इससे पूर्व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ जनौरा वार्ड जाकर जल निकासी के लिए किए जा रहे प्रयास का जायजा लिया। सफाई एवं एंटी लार्वा छिड़काव के लिए तत्काल कर्मचारियों को रवाना किया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत कुमार मौजूद रहे।