जन सुराज के मिलन समारोह में कई नेता पार्टी में हुए शामिल, PK ने कहा- अब तो नीतीश कुमार भी पीला बस से प्रचार करने जा रहे…

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व महिला प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता मिश्रा और युवा उद्यमी चेतना झांब समेत कई राजनीतिक दलों के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति जन सुराज में हुए शामिल।
जन सुराज पार्टी ने आज पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में बड़ा मिलन समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में भाजपा के महामंत्री रहे सुधीर शर्मा, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष रहीं विनीता मिश्रा और समस्तीपुर निवासी युवा उद्यमी चेतना झांब समेत कई राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विभिन्न जिलों के गणमान्य सामाजिक-राजनीतिक व्यक्तियों ने जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने सभी को पीला गमछा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि हम किसी के विरोध में नहीं हैं। जन सुराज में वो लोग आ रहे जो बेहतर व्यवस्था बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बिहार सुधरे। हम चाहते हैं कि कर्नाटक-गुजरात की तरह बिहार में भी विकास हो। हमलोग उपरवाले की प्रेरणा से काम कर रहे हैं। भाजपा में जिस चाल चरित्र चेहरा की बात होती थी, उस चेहरे वाले लोग अब जन सुराज में दिख रहे हैं। अभिमन्यु का उदाहरण देते कहा कि उसके बलिदान की ही चर्चा होती है, उसे घेर कर मारने वालों की चर्चा नहीं होती।
प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आगामी नवंबर के बाद जदयू के सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज में ही होना है। ऐसा इसलिए कि अब नीतीश कुमार भी पीला रंग के बस में घूमने लगे हैं। सभी जगह जो पोस्टर लग रहे हैं वो भी पीला रंग का ही है। यह देखकर लोग समझ रहे हैं कि इनका अगला रास्ता जन सुराज में है।