क्राइम

ग्रेटर नोएडा में खौफनाक फायरिंग, तीन हमलावरों ने युवक को उतारा मौत के घाट

ग्रेटर नोएडा में खौफनाक फायरिंग, तीन हमलावरों ने युवक को उतारा मौत के घाट

ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की एक गंभीर घटना सामने आई। उत्तर प्रदेश के इकोटेक-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत लुक्सर गांव में तीन बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसे पुलिस अहम सबूत मानकर जांच में जुटी है।

सूचना मिलते ही इकोटेक-1 थाना पुलिस के साथ एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पड़ताल में पुरानी रंजिश को वारदात की वजह माना जा रहा है। मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो लुक्सर गांव का निवासी था।

ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर मौत

पुलिस ने बताया कि दोपहर के समय नितिन किसी काम से जा रहा था, तभी तीन हमलावर वहां पहुंचे और उस पर लगातार फायरिंग कर दी। गोलियां सीने समेत शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। परिजन नितिन को तत्काल कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला को हथियार दिखाकर डराया

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एक महिला ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे बंदूक दिखाकर धमका दिया। महिला के चिल्लाने के बावजूद बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस का कहना है कि नितिन कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और आशंका है कि जिस मामले में वह बंद था, उससे जुड़ी पुरानी दुश्मनी में इस हत्या को अंजाम दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button