उत्तराखंड : खंड शिक्षा अधिकारी 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार

हरिद्वार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विजिलेंस टीम ने बहादराबाद ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद ब्रज पाल सिंह राठौर पर एक निजी विद्यालय की मान्यता नवीनीकरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40वीं बटालियन पीएसी, हरिद्वार के औपबंधिक मान्यता प्रमाणपत्र (नवीनीकरण प्रमाणपत्र) के लिए लंबे समय से विभाग के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि इस कार्य के एवज में खंड शिक्षा अधिकारी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।बताया गया कि इस मामले में सह अभियुक्त के रूप में मुकेश, प्रभारी प्रधानाध्यापक मंगोलपुर, ने खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से रिश्वत की मांग पीड़ित तक पहुंचाई। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई है।



