गोंडा में सीएमओ के बयान पर बवाल, भाजपा युवा मोर्चा ने किया पुतला दहन

*गोंडा*
गोंडा जिले की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि वर्मा के कथित असंवेदनशील बयान को लेकर आक्रोश बढ़ गया है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एलबीएस चौराहे पर उनका पुतला फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिला मंत्री अमर पाठक ने किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने “गोंडा सीएमओ को हटाया जाए” और “सीएमओ माफी मांगे” जैसे नारे लगाए।
यह मामला दो दिन पहले एक बिना पंजीकृत नर्सिंग होम में दो नवजात बच्चों की मौत से जुड़ा है। घटना पर सवाल किए जाने पर सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने कथित तौर पर कहा था— “हजारों बच्चे पैदा होते हैं, लड्डू खाने जाइए। एक बच्चा मर गया तो आप लोग यहाँ आ गए।”
इस बयान ने जनाक्रोश को और बढ़ा दिया है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अमर पाठक ने इसे “मातृत्व समाज का अपमान” बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीएमओ को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी से ऐसी असंवेदनशीलता अस्वीकार्य है। जब तक सीएमओ को पद से हटाया नहीं जाता, विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर विवेक शुक्ला, अमर द्विवेदी, अभिषेक द्विवेदी, अंकित राव, सचिन ओझा, धीरेन्द्र मिश्रा, अर्पित श्रीवास्तव, आकाश पाठक, नवीन और चंदन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



