राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में भाग लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों में चल रही और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय स्वीकृतियों और समयबद्ध निर्माण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि पहाड़ी राज्य में सड़क नेटवर्क न केवल आवागमन को सुगम बनाता है, बल्कि पर्यटन, चारधाम यात्रा, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को भी तेज और प्रभावी बनाता है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ परियोजनाओं में आ रही भौगोलिक और तकनीकी चुनौतियों की ओर भी ध्यान दिलाया और केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं देश के विकास की रीढ़ हैं और इन्हें तय समयसीमा में पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों के प्रतिनिधि और परियोजना से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे। अंत में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने पर सहमति बनी।



