दिल्ली

कुत्तों के ‘किले’ में छिपी महिला चोर गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस की हाई-वोल्टेज रेड में खुला बड़ा राज

कुत्तों के ‘किले’ में छिपी महिला चोर गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस की हाई-वोल्टेज रेड में खुला बड़ा राज

नई दिल्ली:
राजधानी के शालीमार बाघ इलाके में एक फिल्मी अंदाज की पुलिस कार्रवाई देखने को मिली। चोरी के मामले में वांटेड एक महिला आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अपने घर को खतरनाक कुत्तों से घेर रखा था, लेकिन आखिरकार दिल्ली पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम आरोपी के घर पहुंची, उसने पिटबुल, अमेरिकन बुली जैसे खतरनाक कुत्तों को आगे कर दिया, ताकि पुलिस अंदर न आ सके। हालात ऐसे थे कि एक कदम भी आगे बढ़ाना जोखिम भरा था।

लेकिन पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और जोखिम उठाते हुए घर में दाखिल हुई। अंदर जाकर देखा तो आरोपी रजाई के नीचे छिपी हुई थी—मानो हर हाल में गिरफ्तारी से बचना चाहती हो। यह पूरा मामला 19 अप्रैल को सामने आया, जब विजय पाल गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी घरेलू सहायिका घर से सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई है।

जांच शुरू हुई, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी निगरानी की मदद ली गई और धीरे-धीरे पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह और भी चौंकाने वाला था। आरोपी चोरी किए गए गहनों को अलग-अलग जगह गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेती थी। अब तक 15 अलग-अलग गोल्ड लोन अकाउंट्स का पता चल चुका है। पुलिस जांच में करीब 2 किलो सोने के गहनों के अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों में गिरवी होने की जानकारी सामने आई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब एक लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। साथ ही उसके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। अब पुलिस बाकी गहनों की बरामदगी के लिए अलग-अलग एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी और लूट के मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें 2008 का एक मामला भी शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button