करोड़ों के मुनाफे का लालच, लाखों का गबन! मुंबई में NBFC का झांसा देकर 14 करोड़ की ठगी

मुंबई में दो आरोपियों पर एक व्यक्ति से NBFC में निवेश का झांसा देकर कुल 14.08 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगा है. मुंबई पुलिस की EOW ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मुंबई:
मुंबई में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का एक मामला सामने आया है. मुंबई पुलिस की EOW ने एक व्यक्ति की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ करीब 14.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है. शिकायत के मुताबिक यह पूरी साजिश सितंबर 2022 से सितंबर 2023 के बीच रची गई थी. सूत्रों ने बताया कि FIR में दावा किया गया है कि अंधेरी का रहने वाला पंकज कुमार राजेंद्र प्रताप सिंह की मुलाकात आरोपी निखिल मल्होत्रा और भरत भाटिया से हुई, जो अंधेरी (पूर्व) में रहते हैं.
आरोपियों ने पीड़ित को कैसे फंसाया?
दोनों आरोपियों ने पंकज कुमार को झांसा दिया कि उनकी अपनी एक NBFC (प्राइवेट फाइनेंस कंपनी) है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पंकज उनकी बताई जगहों पर निवेश करते हैं, तो उन्हें ब्याज के रूप में बड़ा लाभ मिलेगा. आरोपियों के चंगुल में फंसकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न कंपनियों और व्यक्तियों को कुल 13,08,97,000 रुपये कर्ज के तौर पर दे दिए. हालांकि, समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो निवेश की गई मूल रकम मिली और न ही कोई मुनाफा.



