एक बार फिर दिखी अनंत-ललन की जुगलबंदी, मोकामा में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़…

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर NDA लगातार सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहा है। NDA के कार्यकर्ता सम्मेलन में सभी पांच घटक दलों के नेता पहुँच कर स्थानीय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से मिल कर बातचीत कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में NDA के पक्ष में मतदान की अपील भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मोकामा के मोड़ में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सीएम नीतीश के खास बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री शहनवाज हुसैन पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह भी नजर आये और NDA कार्यकर्ता सम्मेलन शक्ति प्रदर्शन के रूप में दिखा।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर देखा गया। कार्यकर्ता लगातार अनंत सिंह और ललन सिंह के पक्ष में नारेबाजी करते रहे जबकि मंच से नेता भाषण। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री अशोक चौधरी और पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास का दावा किया। नेताओं ने मंच से लालू-राबड़ी शासनकाल की याद दिलाई और कहा कि एक वह दौर था जब बिहार में लगे उद्योग धंधे भी बंद हो गए और एक अभी नीतीश कुमार का शासनकाल है जहां एक बार फिर से उजड़े हुए उद्योग धंधों को नया रूप दिया जा रहा है। बिहार में सड़कों की स्थिति इतनी अच्छी हो गई है कि राज्य के किसी भी जगह से महज 4 से 5 घंटे में राजधानी पटना पहुंचा जा सकता है।



