दिल्ली

उद्घाटन की तैयारी तेज, लेकिन दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर रेस्ट एरिया अभी अधूरे!

उद्घाटन की तैयारी तेज, लेकिन दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर रेस्ट एरिया अभी अधूरे

नई दिल्ली:
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं, लेकिन जरूरी सुविधाओं का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है। खासकर पार्किंग हब और रेस्ट एरिया का निर्माण अधूरा होने से सवाल खड़े हो रहे हैं।

करीब 210 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का उद्घाटन अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक तिथि अभी तय नहीं हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से निर्माण कार्य लगभग पूरा बताया जा रहा है और कई हिस्सों पर पिछले दिसंबर से ही वाहन फर्राटा भर रहे हैं।

यह हाईवे एशिया का सबसे लंबा इको कॉरिडोर माना जा रहा है। गणेशपुर से देहरादून के बीच लगभग 20 किलोमीटर का हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क की खूबसूरत वादियों से होकर गुजरता है, जिससे यह मार्ग यात्रियों के लिए खास आकर्षण बन गया है।

हालांकि, इस पूरे मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित पार्किंग हब और रेस्ट एरिया अभी तक तैयार नहीं हो सके हैं। सहारनपुर क्षेत्र में पहले बनाए गए तीन रेस्ट एरिया को हटाया जा रहा है और वहां की संरचनाएं भी तोड़ी जा चुकी हैं।

अब बिहारीगढ़ के पास मनोहरपुर में नए रेस्ट एरिया का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन काम की गति धीमी है। इन रेस्ट एरिया में बिजली चालित वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, खानपान की सुविधा और शौचालय जैसी व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं।

अधिकारियों का कहना है कि उनके हिस्से का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन उद्घाटन की तारीख को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में संभावना है कि हाईवे का उद्घाटन सुविधाएं पूरी तरह तैयार होने से पहले ही कर दिया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button