उत्तराखंड: प्रदेश के हर ब्लॉक में पांच गांव बनेंगे आदर्श गांव, पंचायतीराज मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश!

उत्तराखंड: प्रदेश के हर ब्लॉक में पांच गांव बनेंगे आदर्श गांव, पंचायतीराज मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश.
प्रदेश के हर ब्लॉक में पांच गांव आदर्श गांव बनेंगे। पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित कक्ष में विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, इन गांवों में ड्रेनेज और कूड़ा निस्तारण प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा।
वहीं, पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 10 की जगह 20 लाख रुपये देने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा। पंचायतीराज मंत्री ने कहा, प्रदेश में 7817 ग्राम पंचायतें हैं। लगभग दो हजार पंचायतों में भवन नहीं है।
प्रयास होगा कि सभी पंचायतों में पंचायत भवन बने। ग्राम पंचायत पंचायतीराज की सबसे छोटी इकाई है। इसका विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने गांवों का निरीक्षण कर प्राथमिकता वाले कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, पंचायतों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने होंगे।



