ईरान में फंसे भारतीयों की होगी वतन वापसी, भारत कल से शुरू करेगा रेस्क्यू मिशन

ईरान में करीब 10 हजार भारतीय नागरिक मौजूद हैं. सरकार ने गुरुवार को अर्जेंट एडवाइजरी जारी करके भारतीयों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है
ईरान में बिगड़ते हालात और बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने वहां फंसे अपने नागरिकों को निकालने का बड़ा फैसला किया है. केंद्र सरकार ने गुरुवार को अर्जेंट एडवाइजरी जारी करके भारतीयों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को तेहरान से भारतीयों को लेकर नई दिल्ली के लिए पहली इवैक्युएशन फ्लाइट रवाना होगी.
सुबह 8 बजे तैयार रहने का निर्देश
भारत सरकार की तरफ से खबर लिखे जाने तक इस बारे में कोई औपचारिक सूचना जारी नहीं की गई थी. हालांकि जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने एक बयान जारी करके बताया कि तेहरान में भारतीय दूतावास ने ईरान में पढ़ रहे छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है. छात्रों के पासपोर्ट और व्यक्तिगत विवरण जुटा लिए गए हैं. पहले बैच के छात्रों को शुक्रवार सुबह 8 बजे तक तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.



