राष्ट्रीय

₹ *120 वाली मैगी अब 110 में.. 375 वाला शैंपू करीब 335 रुपये में.. गाजियाबाद के इस स्‍टोर से समझें New GST रेट का सही गुणा-गणित

सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए जीएसटी ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए 12% वाला स्लैब पूरी तरह खत्म कर दिया है और 18% वाले कई सामानों को भी घटाकर 5% में शामिल किया है. अब डेयरी उत्पाद जैसे घी, बटर, चीज़ सिर्फ 5% जीएसटी पर मिलेंगे. वहीं बिस्किट, नमकीन, कॉर्नफ्लेक्स और चॉकलेट भी 12% से घटकर 5% पर आ गए हैं. रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले शैंपू, साबुन और टूथपेस्ट जैसे उत्पाद भी 18% से घटकर 5% पर पहुंच गए हैं. बदलाव का असर तुरंत बाजार में दिख रहा है. ग्राहकों को खरीदारी में सीधी बचत होगी और व्यापारी वर्ग इसे जनता के लिए ऐतिहासिक राहत मान रहा है.

लोकल 18 की टीम ने किराना मंडी स्थित हितकारी डिपार्टमेंटल स्टोर पर पहुंचकर स्टोर के मालिक ऋषभ हितकारी से बातचीत की. उन्होंने विस्तार से समझाया कि सरकार द्वारा 12% जीएसटी स्लैब खत्म किए जाने और 18% वाले कई सामानों को 5% में लाने से ग्राहकों को कितनी राहत मिलेगी. ऋषभ ने बताया कि इस फैसले से सबसे ज्यादा फायदा आम जनता को मिलेगा, क्योंकि रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले कई सामान अब पहले से सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे.

ग्राहकों को अब ‘बड़ा फायदा’

उन्होंने बताया कि 12% स्लैब में आने वाले नमकीन, बिस्कुट, मैगी, सॉस और जाम जैसे सामान अब सिर्फ 5% जीएसटी पर मिलेंगे. यानी उपभोक्ता को सीधा 7% तक की राहत मिलेगी. उदाहरण के तौर पर ₹120 वाली मैगी अब लगभग ₹110 में और ₹375 वाला शैंपू अब करीब ₹335 में मिलेगा. सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि 18% स्लैब में आने वाले कई घरेलू उत्पाद जैसे टॉयलेट, सोप, शैंपू और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स भी 5% के स्लैब में ला दिए गए हैं. इसका सीधा मतलब है कि अब इन सामानों पर ग्राहकों को 12% तक की छूट मिलेगी.

यही नहीं त्योहार के सीजन में सबसे ज्यादा खरीदे जाने वाले बादाम, पिस्ता और देसी घी भी अब 5% टैक्स पर मिलेंगे. पहले इन पर 12% जीएसटी देना पड़ता था. ऋषभ हितकारी का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब सरकार की किसी घोषणा का असर पहले ही दिन से बाजार में साफ दिखाई दे रहा है. दुकानदार भी खुश हैं, क्योंकि अब उन्हें कम जीएसटी भरना होगा और ग्राहक भी राहत महसूस कर रहे हैं, क्योंकि घर का बजट हल्का हो जाएगा.

किस सामान पर कितनी छूट, ग्राहक आकर पूछ रहे

उन्होंने बताया कि कई कंपनियों ने पहले ही अपने उत्पादों के दाम कम कर दिए हैं. कोलगेट जैसे ब्रांड्स अब 7–10% तक सस्ते हो गए हैं. नमकीन और बिस्कुट भी पहले से किफायती मिल रहे हैं. दुकान पर ग्राहकों की सुविधा के लिए उन सभी सामानों की अलग सूची लगाई जाएगी, जिनकी कीमतें घटी हैं. 20 तारीख से ही ग्राहक दुकानों पर आकर पूछताछ कर रहे हैं कि किस सामान पर कितनी छूट मिलेगी. अधिकांश लोगों ने अपनी बड़ी खरीदारी रोककर 22 तारीख के बाद की, ताकि जीएसटी बदलाव का फायदा मिल सके. व्यापारी वर्ग का कहना है कि सरकार का यह फैसला सही मायने में जनता और कारोबारियों दोनों को राहत देने वाला कदम है. जनता भी खुश दुकानदार भी खुश और बाजार में रौनक लौट आई है.

स्टोर में घर का सामान खरीदने पहुंचीं दीप्ति महेंद्र ने बताया कि सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब खत्म किए जाने और टैक्स दरें घटाए जाने से आम उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिल रहा है. रोजमर्रा की चीजें पहले से सस्ती होने लगी हैं, जिससे हर महीने की बचत बढ़ गई है. दीप्ति ने कहा कि पहले घरेलू सामान लेने पर जेब पर भारी बोझ पड़ता था, लेकिन अब दाम घटने से काफी राहत मिली है. बचत होने से परिवार के साथ-साथ कारोबार में भी इजाफा हो रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार आगे भी इसी तरह के फैसले लेकर जनता को फायदा पहुंचाती रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि दुकानदार अब ग्राहकों को नए जीएसटी रेट्स के बारे में समझा रहे हैं, जिससे लोग ज्यादा जागरूक हो रहे हैं और पहले से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं. दीप्ति का कहना है कि यह कदम सीधे तौर पर हर घर के बजट में राहत देने वाला है और कई अनावश्यक खर्चों से बचा रहा है.

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/News Portal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button