आधी रात घर-घर बिजली चेकिंग अभियान, डीएम-एसपी खुद भीषण ठंड में टीम के साथ गलियों में पहुंचे l

बिजली चोरों के खिलाफ भीषण ठंड में आधी रात चेकिंग अभियान चलाया गया है। खुद डीएम और एसपी टीमों के साथ गलियों में पहुंचे और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी है।
बिजली बिल को लेकर ओटीएस यानी एक मुश्त समाधान योजना के साथ ही अब बिजली चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया है। भीषण ठंड में आधी रात छापेमारी शुरू की गई है। संभल में चलाए गए अभियान में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। लगभग एक साल के लंबे अंतराल के बाद रविवार की देर रात चेकिंग अभियान शुरू किया गया। संभल के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद भारी पुलिस बल और बिजली विभाग की टीम के साथ भीषण ठंड में भी भोर में 4 बजे छापेमारी करने पहुंचे। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बिजली चोरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
प्रशासन की ओर से करीब एक दर्जन से अधिक टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों रायसक्ति और सरायतारीन में एक साथ धावा बोला। जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तब डीएम और एसपी गली-मोहल्लों में बिजली के खंभों और मीटरों की सघन जांच कर रहे थे। एक साल बाद इतनी बड़ी स्तर पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई ने अवैध बिजली इस्तेमाल करने वालों के होश उड़ा दिए हैं।
चेकिंग अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। छापेमारी में कई ऐसे चार्जिंग स्टेशन पकड़े गए जो बिना किसी वैध कनेक्शन के दर्जनों ई-रिक्शा चार्ज कर रहे थे। यहां सीधे केबल डालकर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही थी। इसके अलावा मस्जिद में बिजली चोरी भी पकड़ी गई। रायसक्ति क्षेत्र की एक मस्जिद में अवैध रूप से बिजली का उपयोग पाया गया। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। चेकिंग के दौरान दर्जनों ऐसे घर मिले जहां बिजली का उपयोग तो हो रहा था, लेकिन कोई मीटर ही नहीं लगा था।



