गौतमबुद्ध नगर की एक हजार से अधिक रजिस्ट्रियां शक के दायरे में, जांच में मिली गड़बड़ीl

उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाले गौतमबुद्ध नगर जिले की एक हजार से अधिक रजिस्ट्रियां संदेह के घेरे में आ गई हैं। आयकर विभाग के रडार पर आईं इन रजिस्ट्रियों के बैनामा पेपर में कई तरह की गड़बड़ियां मिली हैं। इसके बाद कानपुर में आयकर विभाग की इंटेलीजेंस एंड क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन (ICI) यूनिट इन रजिस्ट्री पेपर की ई-पड़ताल में जुट गया है। जिन रजिस्ट्री की जांच हो रही है, उनका अधिकांश रकबा ग्रेटर नोएडा में है।
रजिस्ट्री कार्यालय की ओर से दाखिल वित्तीय लेन-देन विवरण (SFT) की प्रविष्टियों की जांच के बाद आयकर विभाग विस्तार से छानबीन कर रहा है। कई ऐसे बैनामे मिले हैं, जिनमें आधार और पैन कार्ड नंबर गलत लिखा है। रजिस्ट्री कार्यालय से इस बारे में जानकारी मांगी गई है। आयकर विभाग भी ऐसे लोगों का सही पैन और आधार नंबर पता करने में जुटा है।
रजिस्ट्री दफ्तर के मेघराज क्लाउड सर्वर को नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड पर शिफ्ट करने के चलते नवंबर में जांच प्रभावित थी। सर्वर शिफ्ट होने के बाद दिसंबर से जांच तेज हो गई है। रजिस्ट्री पेपर ऑनलाइन होने से इनकी जांच लखनऊ और कानपुर से अधिकारी कर रहे हैं।



