MUMBAI

Showsha Reel Awards 2026: ‘होमबाउंड’ का दबदबा, ‘हक’ की भी शानदार जीत!

Showsha Reel Awards 2026: ‘होमबाउंड’ का दबदबा, ‘हक’ की भी शानदार जीत

Showsha Reel Awards 2026: मनोरंजन की इस खास शाम का मंच पूरी तरह सज चुका है और मनीष पॉल तथा मिनी माथुर अपनी शानदार मेजबानी से अवॉर्ड शो को और भी खास बना रहे हैं। भारतीय सिनेमा और ओटीटी की दुनिया के कई बड़े सितारे एक ही छत के नीचे नजर आ रहे हैं।

मनीष पॉल की हाजिरजवाबी के साथ मिनी माथुर की शालीन एंकरिंग दर्शकों को लगातार बांधे हुए है।

आज की यह शाम उन कलाकारों और क्रिएटर्स को समर्पित है, जिन्होंने बीते साल अपने अभिनय और कहानियों से दर्शकों का दिल जीता। चारों ओर ग्लैमर, स्टाइल और स्टार पावर की चमक देखने को मिल रही है। फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारे, अनुभवी निर्देशक, मशहूर लेखक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लोकप्रिय क्रिएटर्स अपनी मौजूदगी से इस शाम को और खास बना रहे हैं। वहीं दर्शकों की नजरें अपने पसंदीदा कलाकारों पर टिकी हुई हैं।

इन विजेताओं ने मारी बाजी
इस साल के अवॉर्ड्स में कई कलाकारों और फिल्मों को उनके शानदार काम के लिए सम्मानित किया गया।

बेस्ट वेब सीरीज का अवॉर्ड ब्लैक वारंट को मिला।

वेब सीरीज के लिए बेस्ट कास्टिंग डायरेक्टर का अवॉर्ड नंदनी श्रीकेंत और करण माली को दिया गया।

फिल्म होमबाउंड के लिए विशाल जेठवा को बेस्ट एक्टर (मेल) का अवॉर्ड मिला।

गाना उल जुलूल इश्क के लिए शिल्पा राव को बेस्ट सिंगर (फीमेल) पॉपुलर च्वाइस का सम्मान दिया गया।

वहीं फहीम अब्दुल्ला को गाना सैयारा और संचेत टंडन को गाना हमसफर के लिए बेस्ट सिंगर (मेल) पॉपुलर च्वाइस अवॉर्ड मिला।

फिल्म मिसेज के लिए सान्या मल्होत्रा को बेस्ट एक्टर (फीमेल) जूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

दिग्गज कलाकारों को खास सम्मान

भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर की मशहूर अभिनेत्री और ‘जुबली गर्ल’ के नाम से पहचानी जाने वाली आशा पारेख को ‘रील लीजेंड अवॉर्ड’ से नवाजा गया। वहीं दशकों से अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाली दिग्गज अदाकारा फरीदा जलाल को भी ‘रील लीजेंड अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

ओटीटी और सिनेमा के सितारे भी हुए सम्मानित

चर्चित वेब सीरीज मिसेज देशपांडे के लिए माधुरी दीक्षित को बेस्ट एक्टर (फीमेल) वेब सीरीज का अवॉर्ड मिला। वहीं वेब सीरीज द बेड्स ऑफ बॉलीवुड में शानदार अभिनय के लिए मोना सिंह को बेस्ट एक्टर (फीमेल) जूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

फिल्म निशांची के लिए ऐश्वर्य ठाकरे को बेस्ट डेब्यू (मेल) का अवॉर्ड मिला, जबकि फिल्म तन्वी द ग्रेट के लिए शुभांगी दत्त को बेस्ट डेब्यू (फीमेल) का सम्मान दिया गया।

‘होमबाउंड’ का रहा जलवा

फिल्म होमबाउंड ने इस साल बेस्ट फिल्म का खिताब अपने नाम किया। इसी फिल्म के लिए नीरज घेवान को बेस्ट स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड दिया गया। वहीं फिल्म हक के लिए सुपर्ण एस वर्मा को स्पेशल मेंशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा फिल्म सुपर बॉयज ऑफ मालेगांव के लिए रीमा कागती को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। मालेगांव के सिनेमा के जुनून को बड़े पर्दे पर बेहद संवेदनशीलता के साथ पेश करने के लिए उनकी इस उपलब्धि की खूब सराहना हुई।

दिग्गजों ने चुने विजेता

इस साल के विजेताओं का चयन भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित कलाकारों और फिल्मकारों की ज्यूरी ने किया। इस पैनल में मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन, फिल्ममेकर अश्विनी अय्यर तिवारी, अभिनय कोच सौरभ सचदेवा, दिग्गज अभिनेत्री तन्वी आज़मी और अभिनेत्री महिमा चौधरी शामिल हैं।

सितारों से रोशन हुई शाम

यह अवॉर्ड नाइट सिर्फ ट्रॉफी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की उस क्रिएटिव ताकत का जश्न भी है जिसने फिल्मों और ओटीटी कंटेंट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। बड़े बजट की फिल्मों से लेकर संवेदनशील कहानियों तक, हर उस रचना को सम्मान दिया जा रहा है जिसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button