उत्तराखंड
Haldwani News: इंदिरानगर में तीन दिन से ट्यूबवेल खराब, टैकरों की सप्लाई से तर हो रहे गले.

हल्द्वानी में इंदिरानगर के शनि बाजार रोड स्थित मिनी ट्यूबवेल तीन दिन पहले खराब हो गया था। इससे क्षेत्र के तीन हजार लोगों के समक्ष पेयजल संकट खड़ा हो गया है। लोगों को अन्य जगहों और सार्वजनिक स्थानों से पानी लाना पड़ रहा था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए जल संस्थान ने रविवार को क्षेत्र में टैंकर से आपूर्ति की। टैंकर पहुंचते ही लोग पानी भरने के लिए टूट पड़े।
वार्ड पार्षद फईम जेबा ने बताया कि ट्यूबवेल खराब होने से इंदिरानगर बरसाती, दुर्गा मंदिर, सबरी मस्जिद क्षेत्र, छोटी सड़क आदि क्षेत्रों में लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को अवगत कराया गया है। पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी ने कहा कि यदि जल्द ट्यूबवेल को ठीक न किया गया तो जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया जाएगा।



