ईरान का दावा, ‘नतांज़ परमाणु केंद्र पर फिर हुआ हमला!

ईरान का दावा, ‘नतांज़ परमाणु केंद्र पर फिर हुआ हमला
ईरान की एटॉमिक एनर्जी ऑर्गेनाइजेशन ने कहा है कि आज सुबह फिर से ईरान के सेंटर में स्थित नतांज़ परमाणु केंद्र पर हमला किया गया है.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी नेताओं को नवरोज़ की बधाई देते हुए कहा कि ‘मॉस्को हमेशा तेहरान का वफ़ादार दोस्त और भरोसेमंद साथी रहा है.’
क्रेमलिन द्वारा जारी बयान के अनुसार, “राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को ईरानी नए साल की शुभकामनाएं दीं और यह भरोसा जताया कि ईरानी जनता कठिन चुनौतियों को सम्मान के साथ’ पार करेगी.”
इससे पहले रूस ने कहा था कि “अमेरिका-इसराइल के ईरान पर हमलों ने पूरे मध्य पूर्व को तबाही के कगार पर ला दिया है. एक बड़ा वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है.”
रूसी राष्ट्रपति अमेरिका-इसराइल की उन कार्रवाइयों की भी कड़ी निंदा कर चुके हैं, जिनमें आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या की गई.
गौरतलब है कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में पहले कहा गया था कि रूस ईरान को ख़ुफ़िया मदद दे रहा है. लेकिन क्रेमलिन ने वॉल स्ट्रीट जर्नल की उस रिपोर्ट को ख़ारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रूस ईरान को सैटेलाइट तस्वीरें और आधुनिक ड्रोन तकनीक दे रहा है.
ईरान की एटॉमिक एनर्जी ऑर्गेनाइजेशन ने कहा है कि आज सुबह फिर से ईरान के सेंटर में स्थित नतांज़ परमाणु केंद्र पर हमला किया गया है.
ईरानी मीडिया में जारी बयान में बताया गया “जांच में पता लगा कि इस केंद्र से रेडियो एक्टिव पदार्थ का कोई रिसाव नहीं हुआ है. आसपास के इलाक़ों के लोगों के लिए कोई ख़तरा नहीं है.”
एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइज़ेशन ने इस हमले की निंदा की है. उसने कहा है, “यह एनपीटी (परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने की संधि) और परमाणु सुरक्षा से जुड़े दूसरे नियमों का उल्लंघन है.”
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) ने एक्स पोस्ट में लिखा, “हमें ईरान ने बताया है कि आज नतांज़ परमाणु केंद्र पर हमला हुआ है. इस हमले के बाद बाहर के इलाक़ों में रेडिएशन लेवल में कोई बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई है. एजेंसी इस रिपोर्ट की जांच कर रही है.”
“आईएईए के डायरेक्टर जनरल ने फिर से अपील की है कि सैन्य संयम बरता जाए ताकि किसी परमाणु हादसे का ख़तरा न बने.”
एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइज़ेशन ने पहले भी नतांज़ पर हमले की बात स्वीकार की थी. उसने 3 मार्च को कहा था कि दो दिन पहले हुए हमले के बाद भी रेडियोएक्टिव पदार्थ का कोई रिसाव दर्ज नहीं किया गया.
पिछले साल जून में अमेरिका ने तीन परमाणु केंद्रों ‘नतांज़, फ़ोर्दो और इस्फ़हान’ पर बम गिराए थे. इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि इन हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को ‘पूरी तरह ख़त्म’ कर दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को ईद और नवरोज़ की शुभकामनाएं दी हैं. इस बात की जानकारी खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी.
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बात की और ईद और नवरोज़ की शुभकामनाएं दीं. हमने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का समय पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और तरक़्क़ी लाए.”
उन्होंने लिखा, ” मैंने क्षेत्र में ज़रूरी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हुए हमलों की निंदा की, जो क्षेत्रीय स्थिरता को ख़तरे में डालते हैं और वैश्विक सप्लाई चेन को बिगाड़ते हैं. मैंने समुद्री रास्तों की आज़ादी को सुरक्षित रखने और यह सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया कि शिपिंग लेन खुले और सुरक्षित रहें.”
“ईरान की ओर से भारत के नागरिकों की सुरक्षा और सलामती के लिए लगातार दिए जा रहे सहयोग की सराहना की.”
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य संघर्ष से समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ बाधित हो गया है. हालांकि, कुछ देशों के जहाज़ों को यहां से गुज़रने दिया जा रहा है.



