दर्दनाक हादसा: दर्शन के लिए जा रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत, मचा कोहराम!

*दर्दनाक हादसा: दर्शन के लिए जा रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत, मचा कोहराम*
*गोंडा/बलरामपुर*
गोंडा जिले के दो युवकों की बलरामपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक चैत्र नवरात्रि के अवसर पर पाटेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव निवासी 20 वर्षीय राधेश्याम और करौंधिया गांव निवासी 21 वर्षीय चंदन देर रात बाइक से बलरामपुर जा रहे थे। रास्ते में गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर दुल्हिनपुर के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक तेज गति से पेड़ से टकराती दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक पाटेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तत्काल बलरामपुर के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि मृतक राधेश्याम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। कुछ महीनों पहले ही उसने दर्जीकुआ चौराहे पर एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो शुरू किया था, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति ठोस कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।



