T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में बड़ा फेरबदल… ‘चोटिल’ हर्षित राणा OUT, इस स्टार गेंदबाज की एंट्री

भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन हो रहा है. भारतीय टीम को इस टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ खेलना है. ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है.
आईसीसी पुरुष 20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा आगामी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं. ऐसे में उनका बाहर होना भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर नहीं है.
भारतीय टीम मैनेजमेंट को गुरुवार (5 अक्तूबर) शाम ही हर्षित की चोट की जानकारी मिल गई थी. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हर्षित को आधिकारिक तौर पर बाहर नहीं किया गया है, लेकिन अब सूत्रों ने पुष्टि की है कि वह टूर्नामेंट में खेलने के लिए फिट नहीं हो सके.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक हर्षित राणा की जगह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है. इसकी औपचारिक घोषणा जल्द होगी.’ हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच के दौरान चोट लगी थी. वह रनअप पूरा नहीं कर पा रहे थे और एक ही ओवर में दो बार ऐसा देखने को मिला. इसके बाद उन्हें घुटने में दर्द महसूस हुआ और वह लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे. उन्होंने मैच में सिर्फ एक ओवर डाला, जिसमें 16 रन दिए थे.



